खबर है कि OnePlus 7T Pro को भारतीय मार्केट में 26 सितंबर को उतारा जाएगा। कुछ दिन पहले ही जानकारी मिली थी कि वनप्लस 7टी प्रो को 15 अक्टूबर को पेश किया जाएगा। वनप्लस को हर साल दो फ्लैगशिप स्मार्टफोन लॉन्च करने के लिए जाना जाता है। साल की दूसरी छमाही में लॉन्च होने वाला वनप्लस का फोन "T" वेरिएंट के नाम से आता है। कंपनी ने इसकी शुरुआत 2016 में वनप्लस 3 से की थी। माना जा रहा है कि इस साल भी कुछ ऐसा ही होगा। कंपनी वनप्लस 7टी प्रो के साथ वनप्लस 7टी को भी ला सकती है।
Max J नाम के एक
टिप्सटर ने दावा किया है कि वनप्लस 7टी प्रो को भारतीय मार्केट में 26 सितंबर को लॉन्च किया जाएगा। इसी टिप्सटर ने बीते हफ्ते वनप्लस के इस फोन को
15 अक्टूबर को लॉन्च किए जाने का दावा किया था। हालांकि, उन्होंने अब कहा है कि वनप्लस 7टी प्रो की सेल 15 अक्टूबर से शुरू होगी, जबकि यह भारत में 26 सितंबर को लॉन्च किया जाएगा।
अगर इस दावे को सही माना जाए तो कंपनी वनप्लस 7 और वनप्लस 7 प्रो को लॉन्च करने के चार महीने बाद ही वनप्लस 7टी प्रो लाएगी। यह थोड़ा अटपटा है। क्योंकि कंपनी अब तक टी वेरिएंट को लाने के लिए 6 महीने का इंतज़ार करती थी।
हाल ही में कथित वनप्लस 7टी प्रो हैंडसेट की वास्तविक तस्वीरें सामने आई थीं। इनमें से एक तस्वीर में फोन का फ्रंट पैनल नज़र आ रहा था। यह कर्व्ड डिजाइन से लैस है और आगे कोई नॉच भी नहीं है। यानी इस हैंडसेट में भी वनप्लस 7 प्रो की तरह पॉप-अप सेल्फी कैमरा होगा।
OnePlus 7T Pro की एक और लीक हुई तस्वीर में हैंडसेट का पिछला हिस्सा नज़र आ रहा था। यहां वर्टिकल पोज़ीशन में ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप होगा। नए वनप्लस फोन में क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 855 प्लस प्रोसेसर दिए जाने की उम्मीद है। संभवतः इसी मामले में वनप्लस 7टी प्रो अपने पुराने वेरिएंट वनप्लस 7 प्रो से अलग होगा।
उम्मीद है कि OnePlus मार्केट में वनप्लस 7टी प्रो के साथ वनप्लस 7टी को भी उतारेगी।